Monday 5 February 2018

भारतीय साहित्य में अहिंसा एवं सामाजिक समरसता विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारम्भ

भारतीय साहित्य में अहिंसा एवं सामाजिक समरसता विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारम्भ

भारतीय साहित्य में आदिकाल से ही समरसता का भाव रहा- डाॅ. तत्पुरूष

लाडनूँ, 31 जनवरी, 2018। राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर के अध्यक्ष डाॅ. इन्दुशेखर तत्पुरूष ने कहा है कि भारतीय साहित्य में आदिकाल से लेकर सदैव सामाजिक समरसता का भाव रहा है। आज सब जगह सूक्ष्म हिंसा एवं परोक्ष हिंसा बढ गई है, ऐसे में अहिंसा की आवश्यकता भी बढ गई है। उन्होंने अहिंसा के भेदों का वर्णन करते हुये कहा कि अधिक कपड़े पहनना एवं उपभोग वृति का होना भी हिंसा का ही एक रूप है। इससे सामाजिक समरसता नहीं पनप सकती है, यह विद्वेष एवं विरोध की जननी होती है। वे यहां जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के अहिंसा एवं शांति विभाग एवं योग एवं जीवन विज्ञान विभाग के तत्वावधान में राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर के प्रायोजन में भारतीय साहित्य में अहिंसा एवं सामाजिक समरसता विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुये सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विश्व का पहला महाकाव्य वाल्मीकि कृत रामायण है। इसमें भेदभाव को महत्व नहीं देकर सामाजिक समरसता को महत्व दिया गया है। वाल्मीकि रामायण के पहले ही अध्याय में बताया गया है कि यह सब वर्णों के पठन के लिये उपयोगी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराज गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के कुलपति प्रो. भागीरथ सिंह बिजारणियां ने कहा कि भारतीय साहित्य में अहिंसा परमोधर्मः एवं वसुधैव कुटुम्बकम से अहिंसा एवं सामाजिक समरसता की बातें स्पष्ट होती है। भारतीय संस्कृति में नैतिक मूल्य व जीवन मूल्य समाहित हैं। हमारी संस्कृति का आधार ही त्याग, ममता तथा जीवो और जीने दो की भावनायें हैं। सद्भाव, सहनशीलता व त्याग समरसता के आधार है। हमारी संस्कृति प्रकृति, पेड़ों आदि की रक्षा करती है। प्रकृति पर विजय के प्रयास से भी हिंसा फैलती है। आज विश्व भर में अहिंसा का प्रदूषण फैला हुआ है, इसके लिये समाज में परिवर्तन की आवश्यकता है, जो कानून से या राजनीतिक परिवर्तन से नहीं हो सकता, बल्कि खुद को बदलने से ही सामाजिक समरसता आ सकती है। उन्होंने कहा कि जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय देश में अहिंसा का सबसे बड़ा केन्द्र है। यहां अहिंसा का पाठ पढाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का अहिंसा एवं सामाजिक समरसता पर एक लाडनूं घोषणा पत्र जारी होना चाहिये और यहां समागत समस्त सहभागियों को एक संकल्प लेना चाहिये कि वे जातिभेद, लिंगभेद, वर्गभेद नहीं करेंगे तथा प्रकृति के साथ छेड़छाड़ नहीं करेंगे, हिंसा का प्रयास नहीं करेंगे एवं वायु प्रदूषण नहीं करेंगे।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता वर्द्धमान महावीर विश्वविद्यालय कोटा के पूर्व कुलपति प्रो. नरेश दाधीच ने अपने सम्बोधन में कहा कि साहित्य में अभी तक अहिंसा विमर्श शुरू नहीं हुआ है। भारतीय संदर्भ में अहिंसा का सिद्धांत जैन व बौद्ध धर्म का माना जाता है, लेकिन भारतीय साहित्य के हर ग्रंथ में अहिंसा का उल्लेख किसी न किसी रूप में मिलेगा। उन्होंने कहा कि अहिंसा का अर्थ प्रेम, सतय, अचैर्य आदि है, लेकिन प्रेम की भावना से अधिक तेज प्रतिशोध की भावना होती है, जो युद्ध का कारण बनती है। प्रतिशोध को मिटाने के लिये हमें प्रेम भावना को बढावा देने वाला साहित्य पढना चाहिये तथा आदर्श पुरूषों के जीवन के अनुरूप अपना व्यवहार ढालना चाहिये।
कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि प्रख्यात चिंतक व लेखक हनुमान सिंह राठौड़ ने अहिंसा व सामाजिक समरसता को अलग-अलग नहीं बताकर उनके मूल में एक ही भावना बंधुता को बताया तथा कहा कि बंधुता आने पर समता आयेगी और समता से समरसता आयेगी। उन्होंने डार्विन के विकासवाद के सिद्धांत को गलत बताते हुये कहा कि समाज की स्थापना में यह सिद्धांत अनुचित है, अगर डार्विन के अनुसार होता तो हम कभी जंगल से बाहर नहीं निकल सकते थे। बंधुता से कमजोर के उत्थान की भावना आती है और हिंसा का अभाव हो जाता है। डार्विन का सिद्धांत हिंसा का है। परिवार भाव समाप्त होने पर हिंसा की प्रवृति बनती है। उन्होंने दलित साहित्य कसा जिक्र करते हुय कहा कि दलित साहित्य के नाम पर वैमनस्यता फैलाई जा रही है, यह समरसता में बाधक है। इसमें ऐसा साहित्य रचा गया है जो सामाजिक वर्ग संघर्ष पैदा करता है।
साहित्य की दृष्टि कल्याण की रही है इससे पूर्व जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के शोध निदेशक प्रो. अनिल धर ने संगोष्ठी का परिचय प्रस्तुत करते हुये कहा कि साहित्य सृजन केवल मानसिक विलासिता नहीं है। इसमें दृष्टि आत्म कल्याण एवं पर कल्याण की रहती है। उन्होेंने भारत की संस्कृति को सर्वश्रेष्ठ बताते हुये कहा कि यहां कल्याण मार्ग दिखलाने वाले श्रेष्ठ साहित्य की रचना की गई। वेदों से लेकर आधुनिक साहित्य तक में यहां मानवीय मूल्यों की स्थापना की गई है। यहां कहीं भी घृणा, द्वेष, युद्ध को बढाने वाले साहित्य का सृजन नहीं किया गया। यहां साहित्य रचना की दृष्टि स्वार्थपरक व वस्तुपरक नहीं रही है, केवल आत्म-कल्याण व परोपकार की रही है। प्रारम्भ में अहिंसा एवं शांति विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. जुगल किशोर दाधीच ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रारम्भ समणी मृदुप्रज्ञा के मंगल-संगान से किया गया। अंत में योग व जीवन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. प्रद्युम्न सिंह शेखावत ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी, समाज कार्य विभाग के निदेशक डाॅ. बी. प्रधान, डाॅ. हरि राम परिहार, डाॅ. सुमन मौर्य, प्रो. समणी ऋजुप्रज्ञा, डाॅ. सुरेन्द्र सोनी चूरू, डाॅ. गजादान चारण, सूरज सोनी, डाॅ. रेखा तिवाड़ी, डाॅ. रूचि मिश्रा, बबिता आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment