Wednesday, 9 May 2018

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में अंग्रेजी सम्प्रेषण दक्षता निखारने हेतु कार्यशाला का आयोजन

सम्भागियों को बताये विभिन्न परिस्थितियों में अंग्रेजी संवाद कायम करने के तरीके

लाडनूँ, 9 मई 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में आयोजित अंग्रेजी सम्भाषण एवं सम्पर्क कला कार्यशाला में मंगलवार को विभिन्न काल्पनिक परिस्थियों का नाट्य प्रस्तुतिकरण करवाते हुए मनोरंजक ढंग से अंग्रेजी सम्भाषण को परिपक्व बनाया गया। विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. गोविन्द सारस्वत के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में लाडनूँ के पर्यटन व धार्मिक स्थलों के सम्बंध में गाइड व पर्यटकों के बीच वार्ता, रोगी व चिकित्सक के बीच के संवाद, जन्मदिन पर पार्टी आयोजित करने के लिए मित्रों के दबाव का वार्तालाप, लड़के व लड़की के रिश्ते के सम्बंध में दोनों पक्षों के बीच परस्पर सम्पर्क-संवाद तथा ट्रेन में बिना टिकिट के पकड़े गये यात्री एवं टिकिट चैकर के बीच की वार्ता को नाट्य-रूपान्तरित किया गया। कार्यशाला में निर्देशक डाॅ. गोविन्द सारस्वत व प्रो. रेखा तिवाड़ी ने सभी प्रतिभागियों को संवाद की कुशलता, शब्दों के चयन, व्याकरण के प्रयोग एवं बेझिझक अंग्रेजी वार्तालाप करने के नुस्खे बताये। गौरतलब है कि संस्थान के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ को अविरल अंग्रेजी संवाद के लिए तैयार करने के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह निःशुल्क कार्यशाला एक माह तक संचालित की जायेगी।

झिझक दूर होने पर अंग्रेजी बोलना सरल- डाॅ. सारस्वत

लाडनूँ, 15 मई 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के अंग्रेजी भाषा विभाग के तत्वावधान में विश्वविद्यालय के समस्त शैक्षिक एवं गैर शैक्षिक कार्मिकों के लिए आयोजित की जा रही अंग्रेजी सम्भाषण एवं सम्पर्क कला के विकास के लिए निःशुल्क कार्यशाला का मंगलवार को समापन किया गया। इस अवसर पर विभागध्यक्ष डाॅ. गोविन्द सारस्वत ने कहा कि अंग्रेजी को अपने कार्यस्थल व रोजमर्रा के जीवन की भाषा बनाने के लिए आवश्यक है कि अपनी दिनचर्या के हिस्सों में आवश्यक छोटे-छोटे वाक्यांश को प्रयोग में लाया जावे। जब तक अंग्रेजी बोलने की झिझक नहीं मिटेगी, उसे सरलता से नहीं बोला जा सकेगा। इसलिए नियमित अभ्यास को जारी रखा जाना चाहिए। कार्यशाला के सम्भागियों ने भी इस अवसर पर अपने विचार व अनुभव अंग्रेजी में साझा किये तथा कुछ सम्भागियों ने वार्तालाप के जरिये अपनी भावनायें व्यक्त की। विजय कुमार शर्मा, मुकुल सारस्वत, डाॅ. गिरीराज भोजक, डाॅ. हेमलता जोशी, डाॅ. बिजेन्द्र प्रधान, गीता पूनिया, डाॅ. बीएल जैन, सोनिका जैन डाॅ. सत्यनारायण भारद्वाज, कमल कुमार मोदी, डाॅ. विवेक माहेश्वरी, डाॅ. पुष्पा मिश्रा, डाॅ. वीरेन्द्र भाटी, डाॅ. अमिता जैन आदि ने इन कक्षाओं को लाभदायक बताया तथा कहा कि इससे सम्भागियों की अंग्रेजी बोलने की झिझक दूर हुई है।

अब विदेशों में भी अध्ययन कर पायेंगे जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के विद्यार्थी

जैन विश्वभारती संस्थान का देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से एमओयू

लाडनूँ, 9 मई 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) निरन्तर वैश्विक स्तर पर अग्रसर हो रहा है। इसके अन्तर्गत दो विदेशी विश्वविद्यालयों से उसके एमओयू/एग्रीमेंट्स हैं। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार वीके कक्कड़ ने बताया कि देश-विदेश के 9 विश्वविद्यालयों से जैन विश्वभारती संस्थान के साथ एमओयू हुये हैं, जिनमें विद्यार्थियों एवं फेकल्टी का एक्सचेंज कार्यक्रम तय किए गए हैं। इन शिक्षण संस्थानों व विश्वविद्यालयों से अन्तर्सम्बंधों के कारण जहां इस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विदेशों के विश्वविद्यालयों में नवीन शिक्षण पद्धतियों एवं तकनीकों को सीखने का अवसर मिलेगा, वहीं विदेशी विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को यहां आकर जैन विद्या, योग व जीवन विज्ञान, संस्कृत व प्राकृत भाषा, भारतीय संस्कृति, पाठ्यक्रमों एवं पद्धतियों को नजदीकी से देखने-समझने एवं सीखने का अवसर मिल पायेगा। कुलसचिव कक्कड़ ने बताया कि सिंगापुर की प्रज्ञा योग, बेल्जियम की घेंट यूनिवर्सिटी, जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी जयपुर, स्वार्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी गांधीनगर, कोबा की प्रेक्षाध्यान एकेडमी एवं स्वामी विवेकानन्द योग अनुसंधान विश्वविद्यालय बैंगलोर के साथ अन्तर्सम्बंध स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय संस्थानों के साथ इस विश्वविद्यालय के साथ अन्तर्सम्बंध रहे हैं।

Saturday, 5 May 2018

कॅरियर काउंसलिंग एवं चरित्र निर्माण पर व्याख्यान आयोजित

राजकीय कन्दोई बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानगढ़ में कॅरियर काउंसलिंग एवं चरित्र निर्माण पर एक विशेष सत्र आयोजित



सुजानगढ़, 5 मई 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के दूरस्थ शिक्षा विभाग की सहायक निदेशिका नुपुर जैन ने छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु प्रेरित करते हुये कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिये उच्च शिक्षा के साथ व्यक्ति का सच्चरित्र होना आवश्यक है और इन दोनों के लिए अच्छे संस्थान से शिक्षा ग्रहण करनी आवश्यक है। उन्होंने यहां राजकीय कन्दोई बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानगढ़ में शनिवार को आयोजित कॅरियर काउंसलिंग एवं चरित्र निर्माण पर एक विशेष सत्र में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि इन दोनों ही साध्यों को प्राप्त करने के लिए जैन विश्वभारती संस्थान से बेहतर कोई विकल्प नहीं हो सकता क्योंकि वहां उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ-साथ साध्वीयों के सान्निध्य में उच्च नैतिक चरित्र का निर्माण भी किया जाता है। इस अवसर पर संस्थान के हिन्दी व्याख्याता अभिषेक चारण ने आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में समाहित विशेषताओं से परिचय करवाते हुए छात्राओं को बताया कि आधुनिक शिक्षा शैली को अपने में आत्मसात किये हुए यह महाविद्यालय सभी कक्षा में स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध करवाता है ताकि छात्राएं शिक्षा के इन आधुनिक उपकरणों का अधिकतम उपयोग कर सके। संस्थान की इतिहास व्याख्याता सुश्री रत्ना चौधरी ने महाविद्यालय की विशेष गतिविधियों से छात्राओं को अवगत करवाया जो संस्थान को अन्य महाविद्यालयों से श्रेष्ठ साबित कराता है। संस्थान की मुमुक्षों बहिनों क्रमशः श्वेता और प्रेक्षा द्वारा विद्यालय की छात्राओं के साथ जैन विश्वभारती संस्थान से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. गोविन्द सारस्वत द्वारा छात्राओं से फीडबेक फाॅर्म भरवाये गये एवं छात्राओं को विश्वविद्यालय में प्रवेश हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अन्त में घोषणा की कि सत्र 2018-19 में सुजानगढ़ की छात्राओं के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा की जायेगी, ताकि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिल सके। इस अवसर पर संस्थान परिवार की ओर से कन्दोई बालिका विद्यालय की प्राचार्य सरोज पूनिया एवं व्याख्याता लक्ष्मण खत्री को संस्थान का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय शिक्षिका मंजू ढाका द्वारा किया गया। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार एवं डाॅ. घनश्यामनाथ कच्छावा सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Friday, 4 May 2018

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में मुख्यमंत्री का स्वागत

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने शाॅल ओढा कर किया सम्मान


लाडनूँ, 4 मई 2018। राजस्थान की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे दिनांक 4 मई 2018 गुरूवार को जैन विश्वभारती संस्थान पहुंची। उनके यहां पहुंचने पर संस्थान के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने उनका शाॅल ओढाकर सम्मान किया। इस अवसर पर जैन विश्वभारती के ट्रस्टी भागचंद बरड़िया व जीवन मल मालू भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने संस्थान के कुलपति सेमिनार हाॅल में जिले के अधिकारियों की बैठक ली। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में उन्होंने समस्त प्रगतिरत योजनाओं की पूर्ण जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने यहीं पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की भी बैठक ली। अगले दिन सुबह मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने यहां जैन विश्व भारती के भिक्षु विहार में विराजित तपस्वी जैन मुनि जयकुमार के दर्शन किए तथा उनसे मंगलपाठ सुना व आशीर्वाद प्राप्त किया।

Thursday, 3 May 2018

जैन मुनि ने किया जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) का अवलोकन

संस्थान को बताया विश्व-स्तरीय संसाधनों से परिपूर्ण


लाडनूँ, 3 मई 2018। तेरापंथ धर्मसंघ के तपस्वी मुनिश्री जयकुमार ने गुरूवार को जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) का अवलोकन किया। उन्हें विश्वविद्यालय का योग एवं जीवन विज्ञान विभाग, महाप्रज्ञ-महाश्रमण आॅडिटोरियम, कम्प्यूटर लेब., जिम्नेजियम, डिजीटल स्टुडियो, केन्द्रीय पुस्तकालय, शिक्षा विभाग एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं का मुआयना किया। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशालाओं, विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं आदि को देखने के बाद मुनिश्री ने कहा कि यह संस्थान विश्व में अपनी पहचान रखता है और उसी के अनुरूप यहां समस्त संसाधन-सुविधायें उपलब्ध हैं। उन्होंने जैन विद्या एवं प्राकृत भाषा के लिए करवाये जा रहे कोर्सेज एवं प्रचार-प्रसार पर भी संतोष व्यक्त किया। संस्थान के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़, कुलसचिव विनोद कुमार कक्कड़, डाॅ. प्रद्युम्न सिंह शेखावत, प्रो. बीएल जैन, प्रो. समणी ऋजुप्रज्ञा, नुपूर जैन, प्रकाश गिड़िया, डाॅ. जसबीर सिंह, डाॅ. रविन्द्र सिंह राठौड़, जेपी सिंह आदि ने इन सभी विभागों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Tuesday, 1 May 2018

योग व जीवन विज्ञान की प्रशिक्षण एवं सम्पर्क कक्षाओं का शुभारम्भ

इक्कीसवीं सदी में योग सबसे श्रेष्ठ माध्यम- प्रो. त्रिपाठी

लाडनूँ 1 मई 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के एम.ए. एवं एम.एससी. के योग एवं जीवन विज्ञान विषय के विद्यार्थियों के लिये एक माह की प्रशिक्षण एवं सम्पर्क कक्षाओं के शुभारम्भ पर सम्बोधित करते हुये निदेश प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि 21वीं सदी योग की सदी है, इसलिए जो योग में जितना अधिक दक्ष होगा, वही आगे बढ पायेगा। आज केरियर बनाने के लिए योग सबसे अच्छा माध्यम है। योग में समस्त बीमारियों का इलाज होने से आज के समय में बढ रही अनिद्रा, बीपी, हृदयरोग, मधुमेह, जोड़ों के दर्द आदि के योग से दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग एक ऐसी विद्या है, जो विमुक्ति व नियुक्ति दोनों के लिए मददगार है। उन्होंने योग के आसनों, प्राणायाम, ध्यान आदि का गहरा अभ्यास करने की आवश्यकता बताई और जीवन में प्रामाणिकता, नैतिकता व चरित्रशुद्धि को आवश्यक बतातेे हुए कहा कि इस पाठ्यक्रम में ये सब विषय समाहित हैं। उन्होंने एक महिने की प्रशिक्षण एवं सम्पर्क कक्षाओं के नियमित कार्यक्रम के अलावा बाहर से आये समस्त विद्यार्थियों के रहने, खाने आदि की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जगदीश यायावर ने अपने सम्बोधन में योग को सबसे बेहतरीन विषय बताया तथा कहा कि योग से अपने शारीरिक, मानसिक व भावात्मक स्वास्थ्य के सुधार के साथ अपने परिवार, समाज व अन्य लोगों को भी सही राह पर चलने व स्वस्थ बनाने में योग सक्षम है। उन्होंने अपने समय का अधिकतम सदुपयोग करते हुए योग में पूर्ण दक्षता हासिल करने की आवश्यकता बताई। समन्वयक जेपी सिंह ने अंत में आभार ज्ञापित करते हुये नियमित कक्षाओं व शिक्षकों आदि के बारे में जानकारी दी।

Friday, 27 April 2018

आकर्षक सम्प्रेषण शिक्षण के साथ व्यावहारिक जीवन में भी उपयोगी

लाडनूँ, 27 अप्रेल 2018। मोदी यूनिवर्सिटी आफ साईंस एंड टेक्नोलोजी सीकर के सह आचार्य डाॅ. अशोक एस. राव ने पढाने के तरीकों को सहज बनाने एवं अध्यापक के लिए आवश्यक गुणों के विकास के बारे में यहां जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बताया; उन्होंने यहां सेमिनार हाॅल में विश्वविद्यालय के अंगे्रजी विभाग के तत्वावधान में आयोजित अंग्रेजी भाषा की सम्प्रेषण दक्षता को विकसित करने सम्बंधी कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अध्यापक को अपने विषय में गहरी जानकारी हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन आवश्यक होता है। अध्यापक का विद्यार्थियों के सामने संतुलित व सहज व्यवहार, अनुशासन प्रियता, समय की प्रतिबद्धता आदि पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने सीखने-सिखाने के तरीकों को रोचक बनाने के उपाय बताऐ तथा कहा कि आकर्षक सम्प्रेषण से व्यावहारिक जीवन में बहुत उपयोगी सिद्ध होता है। उन्होंने इस अवसर पर अंग्रेजी भाषा में सम्प्रेषण दक्षता प्राप्त करने के सम्बंध में यहां विश्वविद्यालय के समस्त शैक्षणिक व मंत्रालयिक कर्मचारियों को अंग्रेजी भाषा की सरलता को रेखांकित करते हुए महत्वपूर्ण टिप्स भी बताये। कार्यशाला के प्रारम्भ में प्रो. रेखा तिवाड़ी ने डाॅ. राव का परिचय प्रस्तुत किया तथा अंत में विभागाध्यक्ष डाॅ. गोविन्द सारस्वत ने आभार ज्ञापित किया।