Friday, 13 April 2018

संस्थान में अभिनन्दन एवं मंगलभावना समारोह आयोजित

विकास के लिये आवश्यक हैं शीतलता, गांभीर्य व पुरूषार्थ के गुण - मुनि जयकुमार

लाडनूँ, 31 मार्च 2018। मुनिश्री जयकुमार ने कहा है कि हर व्यक्ति विकास की दौड़ में लगा हुआ है, लेकिन विकास के पैमाने के बारे में भी सोचा जाना चाहिये। कोई आर्थिक विकास और कोई भौतिक विकास को ही विकास मान कर चल रहा है। इस तकनीक के युग में होने वाला यह विकास व्यक्ति का उध्र्वारोहण करता है या नहीं अथवा यह केवल शारीरिक व मानसिक शोषण का कारण ही बन रहा है। चेतना को पतन की ओर नहीं ले जाना चाहिये। स्वयं के विकास के लिये तय पैमाने के अनुसार व्यक्ति को शीतल, पराक्रमी और गंभीर होना चाहिये। वे यहां संस्थान के सेमिनार हाॅल में आयोजित अभिनन्दन एवं मंगलभावना समारोह में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ज्ञान प्राप्त करने को केवल जानकारी प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखें। भीतर की प्रज्ञा का जागरूक बनना आवश्यक है। व्यक्ति चन्द्रमा की तरह से शीतल और शांत होना चाहिये। व्यक्ति भीतर से शीतल होगा व भावनायें शांत होंगी तो उसके सोचने की शक्ति दुगुनी हो जाती है। चिंतायें व तनाव विकास में बाधक बनती हैं। व्यक्ति सूर्य की भांति तेजस्विता, पराक्रमी और पुरूषार्थी होना चाहिये। अगर कोई पुरूषार्थ नहीं करता है तो वह स्वयं को धोखा देता है। इसके अलावा व्यक्ति को सागर की तरह से गहरा व गंभीर होना चाहिये। अगर भीतर गंभीरता नहीं होगी तो विश्वसनीयता नहीं रह सकती। मर्यादा, अनुशासन एवं गंभीरता हो तो तभी शिक्षा का महत्व होता है।
संस्थान के कुुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने इस अवसर पर मुनिश्री जयकुमार का स्वागत करते हुये बताया कि वे ऐसे तपस्वी व साधक संत हैं, जिन्होंने अपने साधना-काल में बरसों तक लेट कर शयन नहीं किया। वे आराम के लिये केवल बैठ कर ही विश्राम करते रहे हैं। उन्होंने मुनिश्री जयकुमार को सरल प्रवृति का बताया तथा कहा कि उनका यहां सेवा केन्द्र के व्यवस्थापक के रूप में लाडनूँ विराजना काफी आह्लादकारी है तथा यह विकास का कारण बनेगा। मुनि स्वस्तिक कुमार ने कहा कि संत किसी समाज से बंधकर नहीं चलते। समाज उनकी व्यवस्थायें करते हैं, लेकिन संत समस्त संसार के लिये होते हैं। मुनि मुदित कुमार व मुनि सुपारस कुमार ने व्यक्ति को सदैव गतिशील रहने की जरूरत बताई। कार्यक्रम में जैन विश्व भारती के ट्रस्टी भागचंद बरड़िया, जीवन मल मालू, निदेशक राजेन्द्र खटेड़, संस्थान के कुलसचिव विनोद कुमार कक्कड़, प्रो. दामोदर शास्त्री, वित्ताधिकारी आरके जैन, दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी आदि ने सम्बोधित किया तथा संतों को सदैव चलने वाला और सम्पूर्ण मानवता के लिये समर्पित बताया। कार्यक्रम में डाॅ. जसबीर सिंह, डाॅ. सत्यनारायण भारद्वाज, प्रगति भटनागर, सोनिका जैन, दीपक माथुर, नुपूर जैन आदि उपस्थित रहे।

Thursday, 5 April 2018

आचार्य तुलसी श्रुत-संवर्द्धिनी व्याख्यानमाला के अन्तर्गत अहिंसा की प्रासंगिकता विषय पर व्याख्यान आयोजित

अहिंसा को अपनाने से व्यक्ति, परिवार व समाज सुखी बनता है-डा. भारिल्ल

लाडनूँ, 5 अप्रेल 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के अन्तर्गत महादेवलाल सरावगी अनेकांत शोधपीठ के तत्वावधान में आचार्य तुलसी श्रुत-संवर्द्धिनी व्याख्यानमाला के अन्तर्गत गुरूवार को महाप्रज्ञ-महाश्रमण आॅडिटोरियम में वर्तमान परिपे्रक्ष्य में अहिंसा की प्रासंगिकता विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य व्याख्यानकर्ता पं. टोडरमल जैन सिद्धांत महाविद्यालय जयपुर के निदेशक डाॅ. हुकमचंद भारिल्ल ने कहा कि राग आदि दोष हिंसा के मूल कारण होते हैं। भगवान महावीर ने कहा था कि आत्मा में रागादि की उत्पति का होना हिंसा है और रागादि का नहीं होना अहिंसा है। महावीर ने 2500 साल पहले अहिंसा का सिद्धांत दिया था, वह आज पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। ढाई हजार साल पहले पत्थरों से युद्ध होते थे, लेकिन आज जो आधुनिक अस्त्रों का इस्तेमाल होता है, वह अधिक घातक व हिसंक है। पत्थरों का घायल तो केवल अस्पताल पहुंचता है, लेकिन इन आयुधों से घायल व्यक्ति का तो जीवन ही समाप्त हो जाता है। आज निर्दयता एवं हिंसा की भावनायें बढी हैं। ऐसे में महावीर के सिद्धांतों पर चलने पर हम शांत हो सकते हैं। उन्होंने झगड़े और युद्ध के कारणों में जर, जोरू और जमीन को बताया तथा कहा कि इनके प्रति लोगों के अनुराग से झगड़ा पनपता है और इसके अलावा धर्मानुराग भी झगड़े और बड़ी संख्या में लोगों की मौत का कारण बनता है। काया, वाणी और मन से हिंसा होती है। इनमें काया की हिंसा तो सरकार रोकती है और वाणी की हिंसा समाज रोकता है, लेकिन मन की हिंसा को धर्म ही रोक सकता है। उन्होंने अहिंेसा को अमृत बताया तथा कहा कि इसे अपना कर व्यक्ति सुखी होगा और परिवार, समाज या देश द्वारा अहिंसा अपनाई जायेगी तो वे भी सुखी बन जायेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. बी.एल. चैधरी ने ईशावास्योपनिषद, गीता, देसी कहावतों आदि के आधार पर जीवन-व्यवहार को समझाया तथा कहा कि विभिन्न भौतिक वस्तुओं का उपयोग करने में भी त्याग की भावना रहनी चाहिये एवं धन के प्रति आसक्ति नहीं रखनी चाहिये। उन्होंने निर्भय होने को अहिंसा का आधार बताया। चैधरी ने कहा कि सात्विक भोजन से सात्विक विचार आयेंगे तथा तामसिक भोजन से तामसिक प्रवृति उत्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि आज तक जितने भी युद्ध हुये हैं, चाहे रामायण का युद्ध हो या महाभारत का अथवा अन्य युद्धों के पीछे कहीं न कहीं स्त्री रही है। उन्होंने व्यक्ति को अहिंसक रूप से रह कर मनुष्यता का पुजारी बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने कहा कि हिंसा का प्रारम्भ तब होता है, जब हम किसी के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करें। भगवान महावीर ने परस्परता और सह-अस्तित्व को अहिंसा का आधार बताया था। उन्होंने शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष से जीवन विज्ञान को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की आवश्यकता बताई, ताकि विद्यार्थी अपने जीवन को सर्वांगीण रूप से परिपूर्ण बना सकें। कुलपति ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय में हेंडीक्राफ्ट स्किल डेवलप का कोर्स भी विश्वविद्यालय में शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। शोधपीठ की निदेशक प्रो. समणी ऋजुप्रज्ञा ने अंत में अपने सम्बोधन में अहिंसा को शाश्वत विषय बताया तथा कहा कि इसकी प्रसंगिकता सदैव ही बनी रहेगी। उन्होंने अहिंसा को पाठ्यक्रमों में शामिल करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि तेरापंथ महासभा जोधपुर के ट्रस्टी दिलीप सिंघवी ने कहा कि आज के युग में केवल अहिंसा से हीे आत्मिक शांति मिल सकती है। उन्होंने अपरिग्रह व समता के भाव को अहिंसा के लिये आवश्यक बताया। महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय अजमेर के गणित विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार बिस्सू ने कहा कि अहिंसा की प्रसंगिकता इस सृष्टि के रहने तक रहेगी। उन्होंने किसी भी कार्य या व्यवसाय के प्रति ईमानदार नहीं रहने एवं उसे पूरा नहीं करने को भी हिंसा बताया। संस्थान के पूर्व कुलपति प्रो. महावीर राज गेलड़ा ने पाश्चात्य संस्कृति के आगमन को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि हिंसा व अहिंसा को अलग नहीं किया जा सकता है। जहां हिंसा होगी, वहां अहिंसा भी होगी और जहां अहिंसा होती है, वहां हिंसा का भी अस्तित्व होता है। इन्हें अलग करने के बजाये अहिंसा के अंश को बढाने का प्रयास करना चाहिये। कार्यक्रम की शुरूआत समणी वृंद के मंगलसंगान के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत शाॅल ओढा कर, स्मृति चिह्न प्रदान करके एवं साहित्य भेंट करके किया गया। व्याख्यान-माला में संस्थान के कुलसचिव विनोद कुमार कक्कड़, दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी, शोध निदेशक प्रो. अनिल धर, प्रो. दामोदर शास्त्री, वित अधिकारी आर.के. जैन, प्रो. बी.एल. जैन, प्रो. रेखा तिवाड़ी, चांद कपूर सेठी, डाॅ. प्रद्युम्न सिंह शेखावत, डाॅ. गिरीराज भोजक, डाॅ. अनिता जैन, डाॅ. जुगल किशोर दाधीच, डाॅ. पुष्पा मिश्रा, डाॅ. विकास शर्मा, सुनीता इंदौरिया आदि उपस्थित थे।

Thursday, 15 March 2018

भाषा के वैज्ञानिक अध्ययन पर व्याख्यानमाला आयोजित



वैदिक संस्कृत है सबसे प्राचीन भाषा- प्रो. भट्टाचार्य

लाडनूँ, 15 मार्च 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के प्राकृत एवं संस्कृत विभाग के अन्तर्गत आयोजित व्याख्यानमाला में शांति-निकेतन विश्वविद्यालय पं. बंगाल के संस्कृत व प्राकृत विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जगतराम भट्टाचार्य ने भाषा के वैज्ञानिक अध्ययन पर अपने व्याख्यान में इंडो-इरानियन व इंडो-पर्शियन भाषा की प्राचीनता से लेकर आधुनिक हिन्दी तक के सफर के बारे में बताया तथा भाषा में शब्दों के अर्थ बदलने, उनका उच्चारण बदलने एवं अनेक शब्दों के नये मिल जाने व कुछ शब्दों के लुप्त हो जाने के सम्बंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेदों की भाषा उपलब्ध सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है और वैदिक संस्कृत एवं लौकिक संस्कृत में बहुत अंतर है। उन्होंने ग्रीक व लैटिन भाषाओं के शब्दों में संस्कृत से समानता के बारे में बताया तथा कहा कि इसी प्रकार शब्दों का विकास होता है। उन्होंने कहा कि किसी मनुष्य के अचानक प्रयास से भाषा का उत्थान संभव नहीं है, यह चलते-चलते भाषा का रूप बदलता है। प्रो. भट्टाचार्य का कहना है कि व्याकरण का उद्देश्य भाषा सीखाना नहीं होता, बल्कि यह भाषा के शुद्धिकरण के लिये होता है। व्याकरण से भाषा में शुद्धता बनी रहती है। उन्होंने श्रोताओं के प्रश्नों का जवाब भी देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने इंडिया शब्द की उत्पति बताते हुये सिंधु से हिन्दुू और हिन्दू से इंडिया बनने का सफर उच्चारण की शैली से शब्दों के बदलने को कारण बताया। प्रो. भट्टाचार्य ने रिसर्च मैथेडोलोजी पर भी प्रकाश डाला। व्याख्यानमाला की अध्यक्षता प्रो. दामोदर शास्त्री ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रो. समणी संगीतप्रज्ञा ने किया तथा अंत में आभार ज्ञापन डाॅ. सत्यनारायण भारद्वाज ने किया।

जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय के यूजीसी निरीक्षण के बाद बैठक का आयोजन

निरन्तर प्रगति के लिये विचारों की शक्ति महत्वपूर्ण- प्रो. दूगड़

लाडनूँ, 14 मार्च 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने कहा है कि यह इस संस्थान के समस्त संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के संयुक्त परिश्रम का फल है कि यूजीसी की टीम यहां से पूर्ण संतुष्ट होकर गई है। वे यहां यूजीसी की 12-बी के तहत एक्सपर्ट्स की पांच सदस्यीय टीम के तीन दिवसीय निरीक्षण के पश्चात टीम द्वारा अपनी विदाई के वक्त विश्वविद्यालय के प्रति संतोष व्यक्त करने के उपलक्ष में विश्वविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों की बैठक में धन्यवाद ज्ञापित कर रहे थे। उन्होंने कर्मचारियों को विश्वविद्यालय की शक्ति बताया तथा कहा कि शक्ति का नियोजन सही दिशा में होना आवश्यक है। उन्होंने समस्त कार्मिकों से विचार करने पर जोर देते हुये कहा कि विचारों की शक्ति बहुत महत्वपूर्ण होती है। सोचने की शक्ति से बहुत आगे बढा जा सकता है। उन्होंने कहा कि निरन्तर प्रगति के लिये आइडियाज फ्लोट होने चाहिये एवं संवाद कायम रहना चाहिये। उन्होंने आने वाले समय की चुनौतियों के लिये भी सभी को एकजुट रह कर परस्पर समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति ने विश्वविद्यालय में शाॅपिंग सुविधा उपलब्ध करवाने एवं विभिन्न सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने आगामी 20 मार्च को संस्थान के 28 वें स्थापना दिवस की तैयारियों के लिये जुट जाने की जरूरत भी बताई। कार्यक्रम में जैन विद्या एवं तुलनात्मक धर्म व दर्शन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. समणी ऋजुप्रज्ञा ने इस अवसर पर बताया कि यूजीसी की 12 बी टीम यहां से बहुत प्रभावित हुई है। यहां समस्त संकाय सदस्यो एवं कर्मचारियों में कमिटमेंट, लाॅयल्टी एवं डेडिकेशन की भावना मौजूद है। कुलसचिव वीके कक्कड़ ने कहा कि हम अपनी एकजुटता व परस्पर समझ के कारण सफलता प्राप्त करते हैं। डाॅ. समणी कुसुमप्रज्ञा ने कहा कि यूजीसी की टीम तो यहां की लाईब्रेरी देखकर ही चकित हो गई तथा कहा था कि ऐसी लाईब्रेरी तो बड़े बड़े विश्वविद्यालयों में भी नहीं मिलती। वे यहां से पूर्ण संतुष्ट होकर गये हैं। दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा कहा कि टीम यहां की मेहमानवाजी, स्वच्छता और प्राकृतिक हरीतिमा से प्रभावित हुये हैं तथा अपने उद्गारों में भी इसे मुखर होकर जताया। कार्यक्रम में डाॅ. समणी मल्लीप्रज्ञा व प्रो. दामोदर शास्त्री भी मंचस्थ थे।

Wednesday, 14 March 2018

प्रसार भाषण माला में व्याख्यान आयोजित

शिक्षा जीवन को सम्पूर्ण बनाती है- प्रो. भट्टाचार्य

लाडनूँ 14 मार्च 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में प्रसार भाषण माला के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये शांति-निकेतन विश्वविद्यालय पश्चिम बंगाल के संस्कृत-प्रकृत भाषा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जगतराम भट्टाचार्य ने शिक्षक समाज के लिये अपना विशेष उत्तरदायित्व निर्वहन करता है। मनुष्य का आचरण शिक्षा का ही परिणाम होता है। शिक्षा व्यावहारिक होनी चाहिये तथा यह जीवन में उतारने का विषय है। शिक्षा व्यक्ति को देवत्व के मार्ग पर ओर ले जाने का सशक्त माध्यम होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सापेक्ष विषय है और एक अच्छा विद्यार्थी ही अच्छा शिक्षक बन सकता है। आध्यात्मिक शिक्षा ही मनुष्य की उन्नति का सही मार्ग है। इसे अपने जीवन में सर्वोच्च स्थान देना चाहिये। यह मनुष्य के जीवन को सम्पूर्ण बनाती है। कार्यक्रम का प्रारम्भ सरस्वती पूजन से किया गया। प्रो. भट्टाचार्य का परिचय विभागाध्यक्ष प्रो. बीएल जैन ने प्रस्तुत किया। अंत में डाॅ. सरोज राॅय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में छात्राध्यापिकायें एवं संकाय सदस्य उपस्थित थे।

भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

आचार्यों की तपोभूमि है यह विश्वविद्यालय- प्रो. दूगड़

लाडनूँ 13.मार्च 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के महाप्रज्ञ-महाश्रमण आॅडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक कलाकार मानसी सिंह ने भवाई नृत्य तथा घूमर नृत्य प्रस्तुत करके उसमें रोमांचक व रोंगटे खड़े कर देने वाले करतब प्रदर्शित करके सबको दांतों तले अंगुलि दबाने को मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के शुभारम्भ पर मानसी सिंह के ‘केसरिया बालम आवो नीं पधारो म्हारे देश’ गीत पर नृत्य प्रस्तुतिकरण से किया गया तथा गणगौर पर्व के प्रसिद्ध गीत एवं पीली लूगड़ी रा झाला आदि प्रख्यात राजस्थानी लोकगीतों व लोकनृत्यों से समस्त दर्शकों का मन मोहा। कार्यक्रम में मानसी सिंह के अलावा विश्वविद्यालय की छात्राओं हेमलता एवं समूह, पूजा एवं समूह, सिद्धि पारीक, अमिता एवं समूह, मुमुक्षु बहिनें, रागिनी शर्मा आदि ने अपनी प्रस्तुतियां दी। प्रस्तुत कार्यक्रमों में राजस्थानी लोकनृत्य, राजस्थानी पैरोडी, समूह नृत्य, क्लासिकल डांस, माईम, ड्रामा आदि पेश किये, जिन्हें समस्त उपस्थित दर्शकों व अतिथियों ने मुक्त कंठों से सराहा तथा कलाकारों को मंच पर बुलाकर उनके साथ अपने फोटो साझा किये। कार्यक्रम में महिलाओं के खिलाफ अपराध पर छात्राओं ने नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। सिद्धि पारीक ने कालबेलिया नृत्य आदि प्रस्तुत किये। योग एवं जीवन विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने योगासनों एवं योग के विभिन्न प्रयोगों का प्रदर्शन करके सबको मोहित किया।