Saturday, 15 September 2018

स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारम्भ

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिये चलाया जायेगा- प्रो. त्रिपाठी

लाडनूँ 15 सितम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) एवं आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाईयों के अन्तर्गत शनिवार को यहां स्वच्छता ही सेवा-2018 अभियान का शुभारम्भ किया गया। शुभारम्भ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने स्वच्छता के महत्व को बताते हुये कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की चौथी वर्षगांठ एवं महात्मा गांधी के 150वें जयंती महोत्सव के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान आगामी 2 अक्टूबर तक एनएसएस के तत्वावधान में चलाया जायेगा। इस अभियान का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के विजन को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करने का है। प्रधानमंत्री ने इस अभियान की शुरूआत शनिवार को प्रातःकाल से की है। इस अभियान के आगामी 17 दिनों में प्रतिदिन विविध निर्धारित कार्यक्रम संचालित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अन्तर्गत जनमानस में सफाई के प्रति नजरिये व व्यवहार को बदलने के लिये घर-घर तक पहुंच कर प्रेरित किया जायेगा। स्वच्छता को लेकर जन-जागरण के लिये नुक्कड़ नाटक, स्ट्रीट प्ले, लोकगीतों एवं लोकनृत्यों आदि का आयोजन करना, हर घर से कचरा संग्रहण, गलियां, नालियां एवं अन्य स्वच्छता की मोनिटरिंग करने, गांवों एवं विद्यालयों द्वारा रैली निकाली जाकर सफाई के प्रति जागरूकता पैदा करने, सार्वजनिक स्थानों पर दीवार-लेखन करने आदि अनेक कार्यक्रम एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा सम्पन्न करवाये जायेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी डॉ. प्रगति भटनागर ने किया। कार्यक्रम में सोनिका जैन, कमल मोदी, मधुकर दाधीच, रत्ना चैधरी, योगेश टाक आदि के अलावा एनएसएस की स्वयंसेवी छात्रायें भी उपस्थित थी।

Thursday, 13 September 2018

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में गणेश चतुर्थी व हिन्दी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन

लिपि के आविष्कर्ता थे गणेश- प्रो. जैन

लाडनूँ 13 सितम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में गणेश चतुर्थी पर्व के साथ हिन्दी दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. बीएल जैन ने गणेश चतुर्थी को उत्साहवर्द्धक त्यौंहार बताया तथा कहा कि इस अवसर पर होने वाले महोत्सव इस देश की पहचान के रूप में देखे जाते हैं। उन्होंने बताया कि लिपि के आविष्कारक के रूप में गणेश को माना गया है, इसलिये हिन्दी दिवस पर उन्हें मनाने की प्रासंगिकता भी है। उन्होंने हिन्दी भाषा में नई शब्दावलियों के निर्माण की जरूरत बताते हुये कहा कि इससे हिन्दी समृद्ध बनेगी। प्रभारी डाॅ. गिरीराज भोजक ने कहा कि गणेश की प्रतिमा में जो उनका विलक्षण स्वरूप दिखाई देता है, वह शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिये प्रेरणादायी व शिक्षाप्रद है। संयोजक डाॅ. सरोज राय ने कहा कि हमें अपनी राष्ट्रभाषा को अपनाना चाहिये तथा उसका प्रयोग करके गर्व का अनुभव होना चाहिये। कार्यक्रम में छात्राध्यापिका प्रियंका सिखवाल व सरोज ने भी विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर डाॅ. मनीष भटनागर, डाॅ. भाबाग्रही प्रधान, डाॅ. विष्णु कुमार, डाॅ. अमिता जैन, डाॅ. गिरधारी लाल शर्मा, डाॅ. आभासिंह, मुकुल सारस्वत, देवीलाल कुमावत आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मोनिका सैनी ने किया।

हिन्दी साहित्यकारों के नामों पर अंताक्षरी

आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में हिन्दी दिवस के अवसर पर छात्राओं ने हिन्दी साहित्यकारों के नामों पर आधारित अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 30-30 छात्राओं के समूह बनाकर उनमें प्रतिद्वंद्विता करवाई गई। प्रतियोगिता में निरमा प्रजापत एवं समूह विजेता रहा। द्वितीय स्थान पर प्रीति भूतोड़िया एवं समूह रहा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने हिन्दी को उत्तर से दक्षिण तक मान्य भाषा बनाने की आवश्यकता बताते हुये कहा कि इसके लिये व्यापक अभियान चलाया जाना चाहिये। सोमवीर सांगवान ने हिन्दी को व्यावसायिक एव शैक्षणिक स्तर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों में अपनाये जाने की आवश्यकता बताई। अभिषेक चारण ने बताया कि हिन्दी हमेशा समृद्ध भाषा रही है और इसमें अकूत साहित्य की रचना हुई है। प्रसिद्ध अंग्रेज विद्वानों ने यहां की प्रसिद्ध हिन्दी पुस्तकों के माध्यम से हिन्दी को सीखा था। कार्यक्रम में कुसुम नाई, महिमा प्रजापत, रश्मि बोकड़िया, भगवती निठारवाल, सरिता शर्मा व सुरैया बानो ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन कंचन स्वामी ने किया।

Saturday, 8 September 2018

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में घुड़सवारी गतिविधि की शुरूआत

लाडनूं में काॅलेज छात्राओं की घोड़े पर सवार होकर दौड़

लाडनूँ 8 सितम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में शनिवार को छात्राओं को घुड़सवारी सिखाने की गतिविधि का शुभारम्भ किया गया। प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखा कर घोड़े को रवाना किया और प्रशिक्षण के कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुये विविध गतिविधियों का संचालन किया जाता है; इसके लिये एक साप्ताहिक दिवस का निर्धारण किया गया है। अपनी रूचि के अनुकूल विषय में प्रशिक्षण लेने के लिये महाविद्यालय की छात्राओं को हर सप्ताह गतिविधि दिवस शनिवार का इंतजार रहता है। उन्होंने बताया कि घुड़सवारी का प्रशिक्षण यहां गठित की गई रानी लक्ष्मीबाई क्लब के अन्तर्गत दिया जा रहा है। इसके लिये अब पहले दिन 21 छात्राओं का पंजीयन घुड़सवारी सीखने के लिये किया गया है तथा बहुत सारी छात्राओं ने घुड़सवारी प्रशिक्षण के प्रति अपनी रूचि जाहिर की है, उनका भी पंजीकरण किया जा रहा है।

निःशुल्क है घुड़सवारी का प्रशिक्षण

प्राचार्य प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि घुड़सवारी का प्रशिक्षण निःशुल्क रखा गया है। पंजीयन के लिये छात्राओं को केवल एक बार 100 रूपये का शुल्क रखा गया है। घुड़सवारी के प्रशिक्षक प्रसिद्ध घुड़सवार अशेाक भार्गव की सेवायें ली जा रही है तथा इसके लिये प्रभारी अपूर्वा घोड़ावत व योगेश टाक को बनाया गया है। घुड़सवारी के शुभारम्भ के अवसर पर शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बीएल जैन, अहिंसा एवं शांति विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. जुगल किशोर दाधीच, अभिषेक चारण, प्रगति भटनागर, सोनिका जैन, रत्ना चैधरी आदि उपस्थित थे। प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय में अन्य गतिविधियों के निमित्त गठित क्लबों में नृत्य कला के प्रशिक्षण के लिये सोनल मानसिंह क्लब में ताम्बी दाधीच द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है व प्रभारी सोनिका जैन हैं। अपर्णा सेन क्लब में छात्राओं को चित्रकला का प्रशिक्षण सुरभि जैन द्वारा प्रदान किया जा रहा है व प्रभारी रत्ना चैधरी है। इसके अलावा विवेकानन्द क्लब में छात्राओं को वक्तृत्व कला में पारंगत बनाने के लिये एवं महाश्रमण क्लब में लेखन कला प्रशिक्षण के लिये अभिषेक चारण व सोमवीर सागवान अपनी सेवायें दे रहे हैं। इसी प्रकार खेलकूद की गतिविधियों के लिये पीटी उषा क्लब में छात्रायें डाॅ. बलवीर सिंह व मधुकर दाधीच से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इन सभी क्लबों के लिये पर्यवेक्षक के रूप में डाॅ. प्रगति भटनागर व कमल मोदी को नियुक्त किया गया है।

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के समाज कार्य विभाग के तत्वावधान मे विश्व साक्षरता दिवस पर दुजार में कार्यक्रम का आयोजन

साक्षर व्यक्ति बच सकता है अनेक मुश्किलों से- डाॅ. मिश्रा

लाडनूँ 8 सितम्बर 2018। विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के समाज कार्य विभाग के तत्वावधान में निकटवर्ती ग्राम दुजार में एक कार्यक्रम का आयोजन करके साक्षरता के प्रति जागरूकता पैदा की गई। विभागाध्यक्ष बिजेन्द्र प्रधान व अंकित शर्मा के निर्देशन में समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों द्वारा राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में डाॅ. पुष्पा मिश्रा थी। डाॅ. मिश्रा ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि पढाई के अभाव में किसान एवं ग्रामीणों को बहुत प्रकार के संकटों का सामना करना पड़ता रहा है। साक्षर होने के बाद उनसे आसानी से बचा जा सकता है। प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुये कहा कि अगर बाल्यावस्था में ही विद्यालय भेजना शुरू कर दिया जावे, तो कोई भी अनपढ नहीं रह सकता है। कार्यक्रम में आयुष जैन ने साक्षरता दर के बारे में बताया तथा कहा कि हमें देश के विकास की धारा के साथ रहने के लिये शिक्षा का प्रसार करना होगा। विद्यालय की छात्रा शांति स्वामी व पूजा स्वामी ने गांव-गांव में लोगों में साक्षरता के प्रति जागरूकता लाने की बात कही और कहा कि साक्षरता बढाने केे लिये हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। प्रारम्भ में जितेन्द्र उपाध्याय ने साक्षरता दिवस के महत्व को बताया तथा स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। अंत में प्रिया सिंह ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. विकास शर्मा ने किया।

Wednesday, 5 September 2018

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में प्रतिभा खोज एवं शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन

आगे बढने के लिये केवल सकारात्मकता ही काम आयेगी- कक्कड़

लाडनूँ,5 सितम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में प्रतिभा खोज एवं शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन महाप्रज्ञ-महाश्रमण आॅडिटोरियम में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कुलसचिव विनोद कुमार कक्कड़ ने छात्राध्यापिकाओं को वर्तमान के नकारात्मकता भरे माहौल में रह कर भी अपनी सकारात्मकता को बनाये रखने की चुनौती है। हर व्यक्ति में माइनस पाॅइंट व पाॅजिटीव पाॅइंट दोनों होते हैं। ऐसा कोई नहीं होता, जिसमें केवल माइनस या केवल पाॅजिटीव पाॅइंट ही हो। हमें किसी भी इंसान के माइनस पाॅइंट को नहीं देखना है, बल्कि हमें सदैव पाॅजिटीव पाॅइंट को ही ध्यान में रखना चाहिये। आगे बढने के लिये हमेशा सकारात्मकता ही काम आती है। उन्होंने तीन सूत्र दिये- टीम वर्क, जीवन का नजरिया और नेटवर्किंग। उन्होंने बताया कि लोगों के साथ मिलकर काम करने की क्षमता होनी चाहिये। टीम वर्क से ही काम में सफलता आसान हो सकती है। अपनी जिन्दगी को आप किस दृष्टि से देखते हैं, यह भी सफलता के लिये आवश्यक है। इसके साथ ही अपना खुद का सर्कल बनायेंगे तो वह जिन्दगी में बहुत मदद करेगा। ये बातें छोटी-छोटी सीढियां हैं, जो आपको लक्ष्य तक ले जायेगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम का शुभारम्भ आकांक्षा द्वारा नृत्य के साथ गणेश-स्तुति से किया गया। प्रारम्भ में अतिथियों एवं शिक्षकों ने सरस्वती के चित्र को माल्यार्पण किया गया। इस समारोह में पूनम ने घूमर नृत्य, रितिका, प्रियंका राठौड़, दुर्गा राठौड़ आदि ने राजस्थानी लोक गीतों एवं अन्य गीतों पर मोहक नृत्य की प्रस्तुतियां दी। प्रियंका एवं समूह आदि ने सामुहिक नृत्य प्रस्तुत किया।पूजा कुमारी व सरोज ने गीत व कवितायें प्रस्तुत की। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकों पर आधारित फिल्मी गीतों को जोड़ कर बनाई गई पीपीटी का प्रदर्शन करके सबका मनोरंजन किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. बीएल जैन ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, कौशल और अनुभव को विद्यार्थी को देता है, लेकिन इसके साथ ही यह ध्यान भी रखता है कि वह विद्यार्थियों की कमजोरियों को दूर करे और उन्हें अपनी क्षमताओं को उभार कर बाहर निकालने में सहायता करे। कार्यक्रम के अंत में डाॅ. गिरीराज भोजक ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डाॅ. अमिता जैन, डाॅ. आभासिंह, डाॅ. सरोज राय, डाॅ. विष्णु कुमार, मुकुल, डाॅ. भाबाग्रही प्रधान आदि ने सहयोग प्रदान किया।

जैन विश्वभारती संस्थान के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में शिक्षक दिवस आयोजित

देश को नई दिशा देते हैं शिक्षक- प्रो. त्रिपाठी

लाडनूँ, 5 सितम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर छात्राओं ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुये आदर्श अध्यापन का प्रस्तुतिकरण किया। इसके अलावा इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता, बधाई कार्ड प्रतियोगिता, प्राचार्य पद चयन प्रतियोगिता आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्राचार्य प्रो. आनन्छ प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में भाषण प्रतियोगिता में प्रथम दीपिका सोनी, द्वितीय मेहनाज बानो एवं तृतीय सुरैया बानो रही। बधाई कार्ड प्रतियोगिता में प्रथम पूजा शर्मा, द्वितीय सुरैया बानो एवं तृतीय स्थान पर दो छात्राएं क्रमशः आशा स्वामी एवं आरती सिंगारिया रही। प्राचार्य पद चयन प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष की छात्रा पूजा प्रजापत को अंतिम रूप से चयनित करते हुए प्राचार्य बनाया गया। सभी सफल छात्राओं को मोमेण्टो भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद इस अवसर पर शिक्षकों के लिये ‘‘पासिंग दी पिलो’’ प्रतियोगिता एवं नीम्बू चम्मच दौड़ रखी गयी, जिसमें सोनिका जैन एवं अभिषेक चारण क्रमशः प्रथम स्थान पर रहे। अंत में प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने अपने स्तर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया, इसके लिये वे बधाई की पात्र हैं। उन्होंने सर्वपल्ली डाॅ. राधाकृष्ण के जीवन पर प्रकाश डाला तथा शिक्षकों के महत्व को प्राचीन व अर्वाचीन समय के अनुसार बताया तथा कहा कि शिक्षक केवल नई पीढी का निर्माण ही नहीं करते बल्कि वे देश को नई दिशा भी देते हैं।

Saturday, 1 September 2018

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का आयोजन

पर्वों के कारण तनाव से मुक्ति मिलती है और उत्साह का संचार होता है- प्रो. जैन

लाडनूँ 1 सितम्बर 2018। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. बी.एल. जैन ने पर्व मनाये जाने की अहमियत बताते हुये कार्यक्रम में कहा कि भारत में समय-समय पर जो विभिन्न पर्व मनाये जाते हैं, वे पर्व हमें खुशी, उत्साह व उमंग प्रदान करते हैं। इनसे हम तनाव, घुटन व संघर्ष से मुक्त होते हैं। इन पर्वों को मनाने से मन को बहुत शांति मिलती है, खुशी मिलती है और प्रेरणा मिलती है। ये पर्व जीवन की दिशा बदल देते हैं। कार्यक्रम संयोजक डाॅ. सरोज राय ने कृष्ण को सामाजिक नेता व जननायक बताते हुये कहा कि केवल मानव मात्र ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि के लिये उन्होंने उपकारी कार्य किये थे। उन्होंने कृष्ण को नियति के प्रति प्रतिबद्ध, समय के लिये प्रतिबद्ध, संगठन शक्ति कारक एवं कर्मयोगी बताया तथा कहा कि उनके उपदेशों को आत्मसात करके हमें भी धर्मयुद्ध के लिये तत्पर रहना चाहिये।

मोबाईल के कारण बचपन की अठखेलियां खो गई

डाॅ. गिरीराज भोजक ने कहा कि कृष्ण ने अधर्म पर धर्म की स्थापना के लिये शस्त्र उठाने से नहीं चूकने का संदेश दिया था। वे एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक दर्शन थे जिनके जीवन की हर घटना हमें प्रेरणा एवं संदेश देती है। उन्होंने कृष्ण की बाल्यावस्था व युवावस्था का वर्णन करते हुये उनमें घटित प्रमुख घटनाओं से मिलने वाले संदेश का उल्लेख किया तथा कहा कि उस समय जो बचपन होता था, वह आज खो चुका है। उस खेलते-कूदते बचपन को मोबाईल के चलन ने लील लिया है। कार्यक्रम में डाॅ. गिरधारीलाल शर्मा, नीतू जोशी, पूजा, मुग्धा आदि ने कृष्ण के जीवन पर आधारित भजन प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का प्रारम्भ कृष्ण के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया तथा अंत में प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्राध्यापिका मोनिका ने किया। आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में भी जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि कृष्ण को लेकर विश्व भर में सबसे ज्यादा साहित्य की रचना की गई है। कृष्ण की लीलाओं के बहुत ही सारगर्भित अर्थ हैं, उन्हें हर व्यक्ति अपने ही नजरिये से देखता है। अभिषेक चारण ने कृष्ण के जीवन पर प्रकाश डाला। छात्राओं ने भी कृष्ण के बारे में अपने विचार व्यक्त किये।