Saturday 27 March 2021

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में ‘शिक्षा को कैसे बनावें आनंदकारी’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन

 


रचनात्मक कार्यों, सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर शिक्षा आनन्ददायी बन सकती है -प्रो. जैन

लाडनूँ, 27 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में “संकाय संवर्धन कार्यक्रम” के अंतर्गत शनिवार को ‘शिक्षा को कैसे बनावें आनंदकारी’ विषय पर विभागाध्यक्ष प्रो. बीएल जैन ने अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए कहा कि गीत, संगीत, कला, नृत्य, प्राकृतिक संरक्षण, बागवानी करना, पेड़ लगाना, सेवा, असह्ययों की सहायता, रचनात्मक कार्य, सामाजिक गतिविधियों भ्रमण आदि से शिक्षा को आनंदकारी बनाया जा सकता है। समय का सदुपयोग, रचनात्मक कार्य एवं सकारात्मक सोच आदि से केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि जीवन के हर पहलु को आनन्दमय बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रेम, शांति, करुणा, अहिंसा, ईमानदारी, पवित्रता, शुद्धता सात्विकता, सरलता, निश्छलता आदि के भाव आनंद के द्वार खोलते हैं, जबकि क्रोध, ईष्र्या, घृणा, वैमनस्य जैसे भाव जीवन में जहर घोल देते हैं। स्वयं और दूसरों के प्रति सकारात्मक सोच और नजरिया ही हमें खुशी और नकारात्मक सोच हमें दुःखी बनाती है। किसी कार्य को बोझिल मन से नहीं किया जाए और ना ही जीवन को बोझिल समझ कर के जिया जाए। जिंदगी में कितने भी आगे निकल जाने पर भी लाखों लोगों से किसी न किसी रूप में पिछड़े होंगे, इसलिए जहां है जैसी स्थिति में उसी का भरपूर आनंद उठाना चाहिए। प्रत्येक छोटे कार्य और बड़े कार्य को आनंद, शांति और मुक्त भाव से किया जाना चाहिए। चेहरे पर प्रसन्नता का भाव आनंद प्रदान करता हैं। सेवा, श्रम, निष्ठा व सामाजिक सरोकार से किया कार्य आनंद देता है। इस कार्यक्रम में डॉ. मनीष भटनागर, डॉ. बी. प्रधान, डॉ. विष्णु कुमार, डॉ. अमिता जैन, डॉ. सरोज राय, डॉ. आभा सिंह, डॉ. गिरधारीलाल, ललित कुमार आदि उपस्थित रहे।

Friday 26 March 2021

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में संकाय संवर्द्धन कार्यक्रम के अन्तर्गत नैनोसाइंस व नैनोटैक्नोलोजी पर व्याख्यान का आयोजन

 


नैनो टेक्नोलोजी से संभव है किसी वस्तु को एक हजार गुणा तक मजबूत, हल्का और भरोसेमंद बनाना

लाडनूँ, 26 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के शिक्षा विभाग में संकाय संवर्द्धन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ‘नैनो साइंस तथा नैनो टेक्नोलोजी’ विषय पर ललित कुमार गौड़ ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रोद्योगिकी लोगों के जीवन में काफी महत्वपूर्ण है और आने वाले समय में इसकी भूमिका नैनो तकनीक क्षेत्र में अधिक बढने वाली है। नैनो, अति सूक्ष्म आकार वाले तत्वों, जो मीटर के एक अरबवें हिस्से से बने होते हैं, का विज्ञान है। नैनोटेक्नोलोजी व्यावहारिक जीवन में 1 से 100 नैनोमीटर स्केल में प्रयुक्त और अध्ययन की जाने वाली सभी तकनीकों और सम्बंधित विज्ञान का समूह है। उन्होंने बताया कि नैनोटेक्नोलोजी अणुओं व परमाणुओं की इंजीनियरिंग है, जो भौतिकी, रसायन, बायोइन्फराॅर्मेटिक्स व बायोटेक्नोलोजी जैसे विषयों को आपस में जोड़ती है। इस टेक्नोलोजी से बायोसाइंस, मेडिकल साइंस, इलेक्ट्रोनिक्स व रक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया जा सकता है, क्योंकि इससे किसी वस्तु को एक हजार गुणा तक मजबूत, हल्का और भरोसेमंद बनाया जा सकता है। छोटे आकार, बेहतर क्षमता और टिकाऊपन के कारण मेडिकल और बायोइंजीनियरिंग में नैनोटैक्नोलोजी तेजी से बढ रही है।

नैनो तकनीक से वस्तुएं बनती हैं बेहतर

गौड़ ने बताया कि नैनोसाइंस अति सूक्ष्म मशीनें बनाने का विज्ञान है। ऐसी मशीनें जो मानव शरीर में उतरकर उसकी धमनियों में चल-फिर कर वहीं रोग का आपरेशन कर सके। आज हर घरेलु वस्तु में नैनोतकनीक का समावेश है। उपभोक्ता वस्तुओं में इनके अनेक अनुप्रयोग हैं, जैसे धूप का चश्मा, ग्लास कोटिंग में नैनो तकनीक का उपयोग होता है, जिसके कारण वे और भी मजबूत और हानिकारक पराबैंगनी किरणों को पहले की तुलना में अधिक बेहतर तरीके से ब्लाॅक कर सकते हैं। सनस्क्रीन और अन्य काॅस्मेटिक्स में भी नैनोकण होते हैं, जो प्रकाश को आर-पार जाने देते है, परन्तु पराबैंगनी किरणों को रोक लेते हैं। पहनावे के लिए कपड़ों को भी ये अधिक टिकाऊ बनाते हैं, उन्हें वाटरप्रूफ और हवा प्रूफ बनाते हैं। पैकेजिंग जैसे कि दूध आदि के कार्टन में नैनोकण इस्तेमाल किए जाते हैं, ताकि दूध प्लास्टिक की थैली में अधिक समय तक तरोताजा रहे।

नैनोटेक्नोलोजी में है कॅरियर की असीम संभावनाएं

उन्होंने अपने व्याख्यान में जानकारी दी कि देश में नैनोतकनीक के क्षेत्र में अनुसंधान का काम तेजी से चल रहा है। भविष्य में इस क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं। नैनोटेक्नोलोजी के क्षेत्र में लगातार विकास होने की वजह से युवाओं के लिए इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं उत्पन्न होंगी। यह इंटरडिसीप्लेनरी एरिया है, इसलिए इस क्षेत्र में आने वाले युवाओं को फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बाॅयोलाॅजी और मैथ्स जैसे विषयों से अच्छा होना जरूरी है। लगातार अनुसंधान एवं विकास की वजह से यह कहा जा सकता है कि आने वाला समय नैनोटैक्नोलोजी का ही है।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. बीएल जैन ने चिकित्सा तथा मेडिकल क्षेत्र में इस टेक्नोलोजी की आवश्यकता को महत्वपूर्ण बताया। इस व्याख्यान में डाॅ. सरोज राय, डाॅ. आभासिंह, डाॅ. मनीष भटनागर, डाॅ. भाबाग्रही प्रधान, डाॅ. गिरधारीलाल शर्मा, डाॅ. विष्णुकुमार, डाॅ. अमिता जैन, प्रमोद ओला आदि ने भागीदारी निभाई व व्याख्यान की जानकारी के लिए आभार ज्ञापित किया।

Monday 22 March 2021

जैन विश्वभारती संस्थान मान्य विश्वविद्यालय के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में शहीद दिवस पर किया शहीदे-आजम भगतसिंह को याद

 

मिली आजादी उनकी बदौलत, जो कंधों पे अपने कफन लेके निकले

लाडनूँ, 23 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान मान्य विश्वविद्यालय के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में संचालित विवेकानंद क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को शहीद दिवस पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव को याद किया गया। प्राचार्य प्रो. आनंदप्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के प्रति श्रद्धा-शब्द अर्पित किए गए। प्रोफेसर त्रिपाठी ने बताया कि भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों की बदौलत ही आज उनके सपनों का स्वतंत्र भारत विकास की ओर अग्रसर होना संभव हो सका है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहने हेतु भगत सिंह का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसमें फांसी से ठीक पहले उनसे जब आखिरी इच्छा पूछी जा रही थी, तब भगत सिंह का जवाब था, ‘मैं आजकल लेनिन को पढ़ रहा हूं, यदि संभव हो सके तो इसे संपूर्ण पढ़ने की इजाजत दी जाए।’ भगत सिंह की ऐसी लगन एवं शिक्षा के प्रति समर्पण आज की शैक्षिक पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने शहीद दिवस पर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा- ‘‘बहुत थे जो दिल में लगन लेके निकले, बगावत की जलती अगन लेके निकले। मिली किंतु आजादी उनकी बदौलत, जो कांधों पे अपने कफन लेके निकले।’’ कार्यक्रम में महाविद्यालय हिंदी व्याख्याता अभिषेक चारण ने बताया कि शहीद दिवस के दिन देश के उन रणबांकुरों याद करना हर भारतवासी की नैतिक जिम्मेदारी है, क्योंकि आज हम इस फिजां में स्वतंत्रता का जो सुख अनुभव कर रहे हैं, वह सब उन्हीं क्रांतिकारियों की बदौलत है, जिनके शौर्य और पराक्रम की वजह से उनके सपनों का स्वतंत्र भारत विरासत में मिला है। उन्होंने अपनी भावनाएं इन शब्दों में व्यक्त की- ‘कहते हैं अमर शहीदों की आयु न अकारथ जाती है, वह आने वाली पीढ़ी के जांबाजों को लग जाती है।’ शहीदों को नमन के इस कार्यक्रम में छात्रा पूजा प्रजापत, उर्मिला डूकिया, सोनम कंवर, आरती चारण, रितिका सांखला, मुस्कान बानू, तमन्ना आदि ने भी अपने विचार प्रकट कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Friday 19 March 2021

31 वें स्थापना दिवस पर जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में समारोह का आयोजन

 

अपने विचारों पर ध्यान केन्द्रित करके किया जा सकता है अच्छी आदतों का निर्माण- प्रो. गोदारा

कुलपति दूगड़ ने विश्वविद्यालय को अन्तर्राष्ट्रीय स्वरूप देने पर दिया जोर

लाडनूँ, 20 मार्च 2021। वर्द्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा के कुलपति प्रो. आरएल गोदारा ने कहा है कि चरित्र की पहली सीढी है अपने विचारों पर ध्यान देना। विचारों को केन्द्रित करना। हमें कभी अपने मन के वश में नहीं होना चाहिए, क्योंकि मन तो क्षण-क्षण में बदलता रहता है। विद्यार्थियों को इस ओर पूरा ध्यान देना चाहिए और अपने जीवन में अच्छी आदतों का निर्माण करना चाहिए। जो भी समय या कार्यक्रम तय किया जाता है, उस पर काम करें। वे आदत बन जाएंगे। आदत पर संयम, नियंत्रण जरूरी है। जहां आदत नियमित होती है, वहां चरित्र निर्माण होगा और आदर्श चरित्र ही मूल्यवान होता है। वे यहां जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के 31वें स्थापना दिवस पर महाप्रज्ञ-महाश्रमण सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। समारोह की अध्यक्षता करते हुए जैविभा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने कहा कि प्राकृत भाषा और साहित्य का विस्तार इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य है। इस ओर हमें सर्वाधिक ध्यान देना होगा। इन उद्देश्यों के अनुरूप संस्थान के पाठ्यक्रमों का संचालन करना है। इस दिशा में काफी कार्य किए गए हैं और अब जैन विद्या के विद्धानों को तैयार करने के कार्य को विस्तार देना है। प्राकृत भाषा का प्रचार-प्रसार करके इस जन-जन तक पहुंचाना है। जैन आगमों के अंग्रेजी में अनुवाद का कार्य भी करना होगा। योग व जीवन विज्ञान विभाग को देखना होगा कि कैसे प्रेक्षा लाईव कार्यक्रम करे देश-देशान्तर तक फैलाया जा सके। इन्हें आमजन तक पहुंचाना होगा।

अन्तर्राष्ट्रीय संगठनों से जुड़ाव हो

कुलपति प्रो. दूगड़ ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय संगठनों का जुड़ाव संस्थान और इसके विभागों के साथ हो सके, इस ओर ध्यान देना होगा। यूनेस्को व यूएनओ के साथ संस्थान के सम्बंध संस्थागत सहयोगात्मक बने, इस नवाचार को अपनाना होगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान में निजी विश्वविद्यालयों में दूरस्थ शिक्षा केवल दो ही प्रमुख है, जिनमें जैविभा संस्थान का ही सबसे महत्वपूर्ण स्थान है, यहां इनकी प्रतिष्ठा प्रामाणिकता के लिए है। कुलपति दूगड़ ने गूगल जैसे सर्च इंजिन पर भारतीय संस्कृति समबंधी प्रत्येक खोज में जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय की उपस्थिति नजर आए, इसका प्रयास करने पर भी जोर दिया। उन्होंने ऑनलाईन शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए सीखो और साथ में कमाओ की नीति के अनुरूप सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने पर आय का साधन भी मिलने का आश्वासन दिया और कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थी इससे कुछ कमाई भी कर सकते हैं। प्रो. दूगड़ ने बताया कि यूजीसी ने विभिन्न देशों के पारस्परिक पाठ्यक्रमों को मान्यता देने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत नई शिक्षा नीति में यहां के पाठ्यक्रमों को विदेशी विश्वविद्यालयों में और वहां के कोर्सेज को यहां क्रेडिट मिलने का प्रावधान है।

विदेशों में है यहां के पाठ्यक्रमों को मान्यता

उन्होंने बताया कि हाल ही में बेल्जियम और जापान के विद्यार्थी यहां जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय में आए और अध्ययन किया, जिसका लाभ उन्हें अपने देश में भी वहां के पाठ्यक्रम के समान ही प्राप्त हुआ। यह विश्वविद्यालय एक भाषणामाला का आयेाजन करने जा रहा है, जिसमें समाज के लोगों को भी जोड़ा जाएगा। आगामी एक-दो सालों में समग्र जैन समाज के लोगों को इससे जोड़ा जाएगा। यह काम निर्धारित नीति के तहत किया जाएगा तथा इससे विश्वविद्यालय का विस्तार संभव होगा। उन्होंने इस अवसर पर प्राकृतिक एवं योग महाविद्यालय के काम के बारे में बताते हुए कहा कि अगले साल सत्र 2022 में यहां पाठ्यक्रमों में अध्ययन शुरू करवा दिया जाएगा। इससे पहले 2021 में ही प्रकाृतिक व योग चिकित्सा का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्राकृतिक व योग चिकित्सा की सफलता के बाद यहां आयुर्वेद चिकित्सा को भी इससे जोड़ा जाएगा। वर्तमान समय में लोगों का काफी रूझान इन पद्धतियों की तरफ है। उन्होंने जैन विश्व भारती की हीरक जयंती पर अगले वर्ष बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों के आयेाजन के बारे में भी जानकारी दी।

श्रेष्ठ विद्यार्थी और श्रेष्ठ कर्मचारी का सम्मान

कार्यक्रम में समणी नियोजिका प्रो. समणी मल्लीप्रज्ञा ने अपने सम्बोधन में शिक्षा, संस्कार, साधना, शोध, सेवा पर जोर देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय इसके लिए समर्पित है। प्रारम्भ में प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कैरियर के साथ कैरेक्टर बिल्डिंग की विशेषता के बारे में बताया और कहा कि यहां मूल्यों को शिक्षा के केन्द्र में रखा गया है तथा आचार्य महाप्रज्ञ प्रवर्तित अहिंसा प्रशिक्षण की तकनीक को व्यावहारिक तौर पर जमीन पर उतारा है। कुलसचिव रमेश कुमार मेहता ने विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रगति विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी भागचंद बरड़िया मंचस्थ रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के श्रेष्ठ विद्यार्थी का अवार्ड दिव्यता कोठारी, जय ललिता, निकिता शर्मा व साक्षी प्रजापत को दिया गया। श्रेष्ठ एनसीसी कैडेट का सम्मान आकांक्षा डूकिया को दिया गया। योग के क्षेत्र में योगदान के लिए योग एवं जीवन विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों पूनम स्वामी व सुरेश दीक्षित को प्रदान किया गया। चेम्पियन आफ चेम्पियन्स का खिताब स्नेहा पारीक को प्रदान किया गया। इस वर्ष का विद्यानिधि सम्मान डाॅ. बलवीर सिंह चारण व डाॅ. सुनीता इंदौरिया को दिया गया। बेस्ट वूमन आफ यूनिवर्सिटी का अवार्ड प्रगति चैरड़िया को दिया गया तथा श्रेष्ठ कर्मचारी का अवार्ड घासीलाल शर्मा व करण गुर्जर को दिया गया। बी वर्ग के श्रेष्ठ कर्मचारी का सम्मान दिनेश शर्मा, जगदीश सिंह शेखावत, सुनील कुमार, संजय व मनोज को प्रदान किया गया। कार्यक्रम मुमुक्षु बहिनों के मंगलाचरण से प्रारम्भ किया गया। अंत में प्रो. नलिन शास्त्री ने आभार ज्ञापित किया। डाॅ. युवराज सिंह खांगारोत ने कार्यक्रम का संचालन किया।

Thursday 11 March 2021

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के दूरस्थ शिक्षा में ‘‘दूरस्थ शिक्षा में सूचना प्रौद्योगिकी की भूमिका’’ विषय पर वेबिनार आयोजित

 

सूचना तकनीक व विभिन्न एप्प से दूरस्थ शिक्षा बन सकती है प्रभावी- डाॅ. आमीन

लाडनूँ, 12 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय द्वारा ‘‘दूरस्थ शिक्षा में सूचना प्रौद्योगिकी की भूमिका’’ विषय पर एक वेबिनार का आयेाजन किया गया। वेबिनार के मुख्य वक्ता महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय बड़ौदा गजारात के फैकल्टी आॅफ काॅमर्स के डाॅ. प्रशांत आमीन ने दूरस्थ शिक्षा में आईटी की उपयोगिता पर बताते हुए एक पीपीटी के माध्यम से नवीन शिक्षा नीति-2021 एवं परम्परागत व आॅनलाईन ट्रेनिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी एवं अभिभावकों के जीवन में सूचना प्रौद्योगिकी की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी और उन्होनें बताया कि दूरस्थ शिक्षा के शिक्षकों को विद्यार्थी को पढ़ाने के लिए गुगल क्लासरूम, माइंड मैपिंग, वल्र्ड क्लाउड, जैम बोर्ड, पौडकास्ट और ओलेप्स आदि उपकरणों का उपयोग कर हम अपनी दूरस्थ शिक्षा प्रणाली को और प्रभावशाली व आसान बना सकते है। फैक्लटी ऑफ मैनेजमेंट श्रीगंगानगर के प्रो. निक्की शर्मा ने अपने वक्तव्य में तीन तरह के तत्त्वों के बारे जानकारी देते हुए कम्प्यूटर प्रबंधन निर्देशन, कम्प्यूटर एडेड लर्निंग, कम्प्यूटर काॅंफ्रेंसिग आदि पर प्रकाश डाला। वेबिनार का संचालन प्रगति चैरड़िया ने किया। प्रारम्भ में स्वागत भाषण प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. जे.पी. सिंह ने प्रस्तुत किया। वेबिनार में छात्रों, शिक्षकों और शोद्यार्थी समेत 281 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया एवं वेबिनार से लाभ लिया।

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ विषय पर वेबिनार आयोजित

 

युवाओं में कार्य के प्रति ललक, उत्साह व जोश पैदा होना जरूरी- प्रो. त्रिपाठी

लाडनूँ, 12 मार्च 2021।जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ विषय पर एक बेबिनार का आयोजन किया गया। संयोजक डाॅ. अमिता जैन ने बताया कि भारत सरकार अगले वर्ष स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ आयोजित कर रही है। वर्ष 2022 के स्वतंत्रता दिवस से 75 सप्ताह पहले इन कार्यक्रमों का आरम्भ 12 मार्च से हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अहमदाबाद में साबरमती आश्रम से इन आयोजनों का शुभारम्भ करेंगे जो 5 अप्रैल तक चलेंगे।

इस वेबिनार की आयोजना में दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि इस महोत्सव को मनाने का उद्देश्य 12 मार्च 1930 की तिथि को याद करना है, जिससे हम युवाओं में कार्य के प्रति ललक, उत्साह, और जोश उत्पन्न हो। उन्होंने 11 सूत्रों की भी चर्चा की, जो देश हित के विषय में थे। इस अवसर पर हमारे सवतंत्रता सेनानियों को भी नहीं भुलाया जा सकता। शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बी.एल. जैन ने कहा कि हम अपने विकास से ही देश के विकास को देख सकते हैं। हमारा विकास होगा तो स्वतः ही देश का विकास संभव है। हमें हिंसा से दूर रहकर मानसिक शांति प्राप्त करनी है। समाज कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजेंद्र प्रधान ने आजादी के बाद देश का शिक्षा स्तर, संसाधन, उद्योगों का विकास, स्वास्थ्य की दृष्टि से प्रगति, ग्रामीण विकास, यातायात आदि सुविधाओं एवं उन्नति से रूबरू करवाया। बेबिनार में 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया। साथ ही इस अवसर पर एक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमे 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संयोजिका डॉ. अमिता जैन ने कहा कि भारत जैसे विभिन्नताओं वाले देश में एकता के सूत्र में बांधे रखने के लिए महात्मा गांधी के दांडी मार्च का स्मरण करना अति आवश्यक है। कार्यक्रम में डॉ.मनीष भटनागर, डॉ. बी. प्रधान, डॉ. विष्णु कुमार, डॉ. सरोज राय, डॉ. आभा सिंह, डॉ. गिरिराज भोजक, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. गिरधारी लाल, डॉ. बलवीर सिंह, डॉं प्रमोद ओला, ललित कुमार, विनोद कुमार आदि संस्थान के समस्त संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Monday 8 March 2021

प्रो. दूगड़ दूसरी बार फिर बने जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के कुलपति

 

लाडनूँ, 9 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ के कार्यकाल की अवधि को आगामी पांच वर्षों के लिए फिर आगे बढा दिया गया है। इस सम्बंध में कुलाधिपति सावित्री जिंदल ने विश्वविद्यालय के अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण के सम्यक दृष्टिबोध से अनुप्राणित होकर आदेश जारी करते हुए प्रो. दूगड़ के कुलपति कार्यकाल को आगामी अप्रेल में पूर्ण होने को ध्यान में रखते हुए उनके प्रशासनिक काल में विश्वविद्यालय की प्रगति और व्यवस्थाओं में हुए सकारात्मक परिवर्तनों के मद्दे नजर आगामी पांच वर्ष की द्वितीय पदावधि के लिए संस्थान का कुलपति नियुक्त किया है। गौरतलब है कि प्रो. दूगड़ ने इस विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ से ही निरन्तर जुड़े हुए हैं। विश्वविद्यालय के विशिष्ट विभाग अहिंसा एवं शांति विभाग के वे लम्बे समय तक विभागाध्यक्ष भी रहे थे। जैन विश्व भारती के अध्यक्ष मनोज लूणियां एवं पूर्व अध्यक्ष डाॅ. धर्मचंद लूंकड़ ने बधाई व शुभकामनाएं देते हुए बताया कि कुलपति के रूप में प्रो. दूगड़ के प्रथम कार्यकाल में संस्थान ने स्वावलंबन और अकादमिक श्रेष्ठता के साथ-साथ वस्तुनिष्ठ और समदर्शी प्रबंधन का आदर्श प्रस्तुत कर विकास के नए प्रतिमान रचे हैं, जिनकी सराहना सम्पूर्ण समाज के साथ अकादमिक जगत ने की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुलपतित्वकाल में दूसरी पदावधि के सफल निर्वहन के साथ उत्तरोत्तर विकास की नयी गाथा लिखी जाएगी। इनके अलावा पूर्व कुलाधिपति बसन्तराज भंडारी, पूर्व कुलपति भापालचंद लोढा, महावीरराज गेलड़ा, सुधामही रघुराजन, विश्वविद्यालय के प्रबंधन मंडल के विनोद बैद, अमरचंद लूंकड़, जैन विश्व भारती के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र चैरड़िया, मूलचंद नाहर, रमेश बोहरा, केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलपति प्रो. केसी अग्निहोत्री, केन्द्रीय विश्वविद्यालय बिहार के कुुलपति प्रो. संजीव शर्मा, कोटा ओपन यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो. नरेश दाधीच आदि ने भी उन्हें दूसरे कार्यकाल की नियुक्ति पर बधाइयां दी है। प्रो. दूगड़ को दूसरी बार कुलपति का दायित्व सौंपे जाने पर यहां समस्त विभागों के विभागाध्यक्षों, कुलसचिव और शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टाफ ने भी उन्हें बधाइयां दी हैं और उनके निर्देशन में विश्वविद्यालय के नई ऊंचाइयां छूने की उम्मीद जताई है।

जैविभा की डाॅ. पुष्पा मिश्रा सहित तीन महिलाओं को ‘नारी रत्न सम्मान’ से नवाजा गया

 

लाडनूँ, 9 मार्च 2021। के.टी.सी. फाउंडेशन सुजानगढ़ द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन करके स्थानीय तीन महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘‘नारी रत्न सम्मान’’ से सम्मानित किया गया है। इनमें जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग कर सहायक आचार्या डॉ. पुष्पा मिश्रा को लाडनूं व आस पास के गांवों में महिला शिक्षा को प्रोत्साहन देने, बालिकाओं एवं महिलाओं को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा से जोड़ने के कार्य में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रदान किया गया। प्राच्यविद्या एवं जैन संस्कृति संरक्षण संस्थान की निदेशिका डॉ. मनीषा जैन को उल्लेखनीय लेखन कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. जैन प्राकृत एवं जैन दर्शन के विकास एवं प्रचार प्रसार में अनवरत कार्य कर रही है साथ ही रचनात्मक साहित्यिक गतिविधियांें में भी निरंतर संलग्न रही हैं। इनके अलावा राजस्थान फिल्म इंडस्ट्रीज से जुड़ी अभिनेत्री सोनम पाटनी को अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान इन तीनों महिलाओं को के.टी.सी. फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज खान, कार्यक्रम की अध्यक्ष नगर परिषद् सभापति नीलोफर गौरी, अति विशिष्ट अतिथि उपसभापति अमित मारोठिया, गोपालपुरा सरपंच सविता राठी, सेलिब्रिटी गेस्ट माहिया दाधीच, महिला उद्यमी सरिता चैधरी, एवरग्रीन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर रतन सेन व माणक सराफ आदि अतिथियों के साथ-साथ केटीसी फाउंडेशन की स्थानीय अध्यक्ष सुनीता रावतानी के द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डा. घनश्याम नाथ कच्छावा, सुमनेश शर्मा, पवन सोनी, सरला पांडे, मधु बागरेचा, मोनिका शर्मा, राज पाटनी, मारवाड़ी युवा मंच शाखा सखियां, गार्गी ग्रुप आदि उपस्थित थे।

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के समाज कार्य विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित

 

महिलाओं की स्थिति में सुधार के आंदोलनों को सम्बल मिले - प्रो. अश्विनी कुमार

लाडनूँ, 9 मार्च 2021। जामिया मिल्लिया इस्लामिया नई दिल्ली के समाज कार्य विभाग के आचार्य डाॅ. अश्विनी कुमार ने कहा है कि वैश्विक परिदृश्य में महिलाओं के साथ आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर काफी विषमताएं रही हैं, जिन्हें दूर करना ही उनका दिवस मनाए जाने की सफलता होगी। वे जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के समाज कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने नारी आंदोलनों को एकांगी बताते हुए कहा कि सर्वांगीण सोच के साथ महिलाओं की स्थिति में सुधार के प्रयासों को सम्बल मिलना चाहिए। लखनऊ विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के प्रोफेसर अनूप कुमार भारतीय ने महिलाओं की स्थिति में परिवर्तन के लिए मन, मस्तिष्क, व्यवहार और मनोवृति में परिवर्तन लाने की आवश्यकता बताई। खुजा बुलंदशहर की वरिष्ठ सहायक आचार्या डाॅ. गीता सिंह ने सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभुमि में महिलाओं के प्रति भेदभाव एवं सामाजिकरण की भिन्नता से उबारने को महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया और कहा कि महिलाओं के प्रति सभ्य व्यवहार किसी पूजा से कम नहीं होता है। प्रारम्भ में विभागाध्यक्ष डाॅ. बिजेन्द्र प्रधान ने सभी अतिथियों व वक्ताओं का स्वागत किया। अंत में सहायक आचार्य डाॅ. विकास शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। वेबिनार का संचालन डाॅ. पुष्पा मिश्रा ने किया।

Sunday 7 March 2021

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एन.एस.एस. द्वारा कार्यक्रम का आयोजन

 

लड़कियां होती है अनमोल हीरा- सविता राठी

लाडनूँ, 8 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला नैत्री गोपालपुरा सरपंच सविता राठी ने अपने सम्बोधन में एनएसएस स्वयंसेविकाओं को नदी की तरह से निरन्तर आगे बढते रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि राह में बाधक बनने वाले कंकरों को दूर करना ही होता है और अगर चट्टानें भी नदी की राह में आए तो उन्हें वह गोल कर देती है। राठी ने अनुशासन पालन की जरूरत बताते हुए कहा कि दो किनारों के बीच बहने वाली नदी अगर किनारों की मर्यादा को नहीं लांघती है, तो वह जीवनदायी होती है और अगर किनारों के अनुशासन का उल्लंघन कर देती है, तो वह विनाशक बन जाती है। उन्होंने कहा कि परिवार में लड़कियों पर अनेक बंदिशें होती है, जिनको लेकर उनके मन में अनेक भाव आते होंगे, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि जो हीरा जितना कीमती होगा, उसकी उतनी ही अधिक निगरानी की जाती है, उन्हें तिजोरियों में बंद रखा जाता है। और लड़कियां तो अनमोल हीरा होती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि जिनमें आत्मबल प्रबल होता है, उन्हें प्रगति से कोई नहीं रोक सकता। लैंगिक भेदभाव उनके विकास में बाधक नहीं बन सकता है। उन्होंने देश की प्रधानमंत्री रही इंदिरा गांधी, ब्रिटेन की मार्गरेट थेचर, बनजीर भुट्टो आदि अनेक उदाहरण प्रसतुत करते हुए कहा कि अपनी संकल्प शक्ति के आधार पर वे अपने देश की सुप्रीम पावर बन पाई। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि प्रो. रेखा तिवाड़ी, प्रगति चैरड़िया, श्वेता खटेड़ ने भी महिला दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए। एनएसएस छात्राओं दिव्यता कोठारी, शहनाज बानो, स्नेहा, आयशा सिंह, संतोष, निकिता, महक चैहान, मनीषा तुनगरिया, राधिका गहलोत ने भी अपने विचार व कविताएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में एनएसएस की प्रथम ईकाई की प्रभारी डाॅ. प्रगति भटनागर ने स्वागत वक्तव्य एवं अतिथि परिचय प्रस्तुत किया। एनएसएस की द्वितीय ईकाई प्रभारी डाॅ. बलवीर सिंह चारण ने अंत में आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन नवनिधि दौलावत व इरम छींपा ने किया।

Monday 1 March 2021

जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के सेमिनार हाॅल में अभिनन्दन एवं मंगलभावना समारोह आयोजित

 

संतों का विचरण होता है जन-जन को सद्मार्ग दिखाने के लिये- मुनिश्री अमृत कुमार

लाडनूँ, 2 मार्च 2021। जैन विश्वभारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) के सेमिनार हाॅल में आयोजित अभिनन्दन एवं मंगलभावना समारोह में मुनिश्री अमृत कुमार ने कहा है कि संत हमेशा मानव मात्र का कल्याण करते हैं। वे जहां भी रहते हैं, विचरते हैं, जन-जन को अपने प्रवचन व प्रेरणा से सद्मार्ग दिखाते हैं। लाडनूँ में वृद्ध साधु-साध्वियों का सेवाकेन्द्र है, उनकी सेवा और उन्हें चित-समाधि प्रदान करने का कार्य अन्य साधुओं के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुनिश्री सुमति कुमार ने एक वर्ष तक यहां सेवाकार्य करके साधुवृद्वों को चितसमाधि पहुंचाई। मुनिश्री युमति कुमार ने अपने उद्बोधन में एक साल के अनुभवों को साझा किया तथा कहा कि अब आगे का काम मुनि अमृतकुमार को देखना है। साधु हमेशा विचरण करते हैं और इसी में उनका उद्देश्य पूरा होता है। कार्यक्रम में मुनिश्री देवार्य कुमार, मुनि तन्मय कुमार व मुनि उपशम कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जैविभा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने मुनिश्री समुति कुमार के साथ बीते एक साल के संस्मरणों को प्रस्तुत किया तथा कहा कि यह विश्वविद्यालय और समूचा जैन विश्व भारती परिसर संतों के निरन्तर प्रवास के कारण आध्यात्मिक ऊर्जाओं से भरपूर रहता है। उनकी कृपा से ही यहां का वातावरण सदैव पावन बना रहता है। दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी, जैन मनीषी डाॅ. शान्ता जैन, प्रो. नलिन शास्त्री, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष शांतिलाल जैन, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुनीता बैद आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए। कार्यक्रम के प्रारम्भ में महिला मंडल एवं कन्या मंडल की ओर से महिलाओं ने मंगलगान व गीतिका प्रस्तुत किए। तेरापंथी सभा के मंत्री राजेन्द खटेड़ ने कार्यक्रम का संचालन किया।

जैन मुनि का मंगल विहार

यहां जैन विश्व भारती स्थित भिक्षु विहार से मंगलवार को मुनिश्री सुमति कुमार ने अपने सहवर्ती संतों के साथ मंगल विहार किया। वे यहां पिछले एक वर्ष से वृद्ध साधु सेवा केन्द्र में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे थे। उन्होंने अपना दायित्व मुनिश्री अमृतकुमार को सौंप कर गंगानगर के लिए प्रस्थान किया। वे यहां से बीदासर, सरदारशहर होते हुए गंगाशहर पहुंचेंगे। उनके मंगल विहार के अवसर पर जैन विश्व भारती, जैविभा विश्वविद्यालय, जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल, अणुव्रत समिति आदि संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, इनमें अणुव्रत समिति के अध्यक्ष शांतिलाल बैद, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रमेश कुमार मेहता, दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी, प्रो. नलिन शास्त्री, प्रो. अनिल धर, डाॅ. अमिता जैन, डाॅ. युवराज सिंह खांगारोत, डाॅ. प्रद्युम्नसिंह शेखावत, प्रगति चैरड़िया, आयुषी शर्मा, पंकज भटनागर, डाॅ. जेपी सिंह, डाॅ. विनोद कुमार सैनी, डाॅ. सरोज राय, डाॅ. सुनिता इंदौरिया, विजयकुमार शर्मा, डाॅ. मनीष भटनागर, डाॅ. गिरीराज भोजक, डाॅ. सत्यनारायण भारद्वाज, डाॅ. रविन्द्रसिंह राठौड़, भाटी आदि उपस्थित थे।